आधार से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने एवं समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करने को कहा।
SHIKHAR DARPANFriday, May 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
समाहरणालय परिसर स्थित आधार सेंटर का उपायुक्त, रामनिवास यादव द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधार कार्ड निर्माण, नाम एवं पता संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट सहित अन्य सेवाओं की प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया तथा केंद्र पर उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने आधार सेंटर में कार्यरत कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आज प्रत्येक नागरिक के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, इसलिए इसके निर्माण एवं संशोधन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कतार में खड़े लोगों से बातचीत कर उनके आवेदन की स्थिति, प्रतीक्षा समय तथा सेवा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
कई लोगों ने आधार सेंटर में मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया, वहीं कुछ तकनीकी समस्याओं एवं भीड़ की स्थिति से भी अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आधार से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने एवं समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करने पर विशेष बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है तथा सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।