शीतलपुर में महिला से दो लाख की सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार अपराधी फरार।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर में सोमवार देर शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से लगभग दो लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार शीतलपुर निवासी भीम राम की पत्नी राजकुमारी देवी देर शाम घर से टहलने निकली थीं। वह महेशमुंडा-गिरिडीह मुख्य सड़क पर स्थित विश्वकर्मा चौक होते हुए वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सुनसान स्थान पर पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से बिरसा चौक होते हुए बेंगाबाद रोड की तरफ गिरिडीह कॉलेज दिशा में फरार हो गए।
घटना के बाद राजकुमारी देवी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में दो युवक बाइक से तेजी से भागते दिखाई दिए हैं। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।