Type Here to Get Search Results !

उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में भारी गड़बड़ी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड के पडरमनियां पंचायत में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरकारी योजना के तहत बन रहे भवन में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री बेहद घटिया स्तर की है, जिससे भवन की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य बिना प्रभावी निगरानी के चल रहा है और संबंधित विभाग के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सबसे गंभीर आरोप सीमेंट की गुणवत्ता को लेकर लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि निर्माण में निम्न स्तर के सीमेंट और कमजोर ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण सामग्री की जांच नहीं हुई, तो भविष्य में यह भवन लोगों के लिए खतरा बन सकता है।घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो वे जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपेंगे और आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।इस मामले में संवेदक पक्ष से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.