गिरिडीह में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पोकलेन समेत तीन ट्रैक्टर जब्त।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 09, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के देवरी अंचल में पत्थर के अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर की गई। मामले में देवरी अंचलाधिकारी के आवेदन पर हीरोडीह थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, किसगो-गिद्धा इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध पत्थर खनन की शिकायत मिल रही थी। खबर सामने आने के बाद डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार शाम देवरी के अंचलाधिकारी छापेमारी के लिए इलाके में पहुंचे, जहां दिनदहाड़े अवैध खनन कार्य चलता पाया गया।
मौके से तीन ट्रैक्टर, एक हाइवा और एक पोकलेन मशीन को जब्त किया गया। हालांकि बाद में जब पुलिस टीम जब्त वाहनों को लाने पहुंची तो हाइवा और पोकलेन मौके से गायब मिले। इसके बाद हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी शुरू की। शनिवार सुबह तक तीनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए गए, जबकि दोपहर में गिद्धा जंगल से पोकलेन मशीन भी जब्त कर ली गई। फिलहाल हाइवा की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है। थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि अवैध खनन मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।