तीन राज्यों में प्रचंड जीत का जश्न: गिरिडीह में भाजपाइयों का शक्ति प्रदर्शन, भगवा रंग में रंगा शहर।
SHIKHAR DARPANMonday, May 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पश्चिम बंगाल, असम समेत तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए की प्रचंड जीत के बाद गिरिडीह में जश्न का माहौल चरम पर दिखा। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। विजय जुलूस की शुरुआत झंडा मैदान से की गई, जहां से कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए निकले। जुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे इसमें लोगों की संख्या भी बढ़ती गई। पूरा शहर “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। जुलूस झंडा मैदान से निकलकर टावर चौक, पद्म चौक, मुस्लिम बाजार होते हुए बड़ा चौक तक पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को भगवा गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। खासकर पश्चिम बंगाल में मिली प्रचंड जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
शहर के कई हिस्सों में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और मिठाइयां बांटी गईं। पूरे जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। कई जगहों पर युवाओं ने नृत्य कर खुशी का इजहार किया। भगवा रंग में रंगे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर रुक-रुक कर पटाखे फोड़े गए, जिससे पूरे इलाके में त्योहार जैसा माहौल बन गया। नेताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व की नीतियों एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है और आने वाले समय में पार्टी और मजबूती के साथ जनता की सेवा करेगी। इस विजय जुलूस में संदीप डांगीच, दिलीप वर्मा, सुरेश साहू, विनीता कुमारी, अरविंद बरनवाल, रंजीत बरनवाल, दिनेश यादव, चुन्नुकांत, हरमिंदर सिंह बग्गा, मुकेश जालान, सुनीत सिंह, संजीत सिंह पप्पू, रितेश सिन्हा, मनोज संघाई, विवेश जलान समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।