Type Here to Get Search Results !

हाथियों के हमले में महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में हाथियों के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पंदना कला के दक्षिण स्थित सिमरासोती जंगल के समीप की बताई जा रही है, जहां हाथियों ने महिला को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। मृतका की पहचान बंगरा कला निवासी प्रेमा साव की पत्नी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार महिला किसी काम से जंगल की ओर गई हुई थी। इसी दौरान अचानक जंगली हाथियों के झुंड से उसका सामना हो गया। हाथियों ने महिला पर हमला कर दिया और उसे कुचल डाला। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

विभागीय अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया है। इस दुखद घटना पर कपिलो पंचायत के मुखिया मुकेश यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं और वन विभाग को इस दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से हाथियों के बढ़ते आतंक का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आए दिन हाथियों के झुंड गांवों और जंगल किनारे पहुंच रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों ने रात के समय गश्ती बढ़ाने, हाथियों को आबादी से दूर रखने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.