Type Here to Get Search Results !

जमीन विवाद में वृद्ध महिला की मौत, बेटा घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पचंबा थाना क्षेत्र के सुंदरटांड़ गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पचंबा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान सुंदरटांड़ निवासी पैथवा देवी (80 वर्ष), पति अनूप महतो के रूप में हुई है। वहीं घटना में उनका बेटा गिरधारी यादव भी घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार वह खतरे से बाहर है। परिजनों ने बताया कि विवाद पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा था।

मामले को लेकर पहले भी पचंबा थाना में आवेदन दिया गया था तथा जमीन पर धारा 144 लागू होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी पक्ष जमीन पर काम करा रहा था। इसी का विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। बताया गया कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे पैथवा देवी के सिर में गंभीर चोट लगी। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पचंबा थाना पुलिस मामले की छानबीन कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.