कपिलो में चोरी करते युवक पकड़ा गया, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 16, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड अंतर्गत कपिलो गांव में शुक्रवार देर रात चोरी की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ से वारदात समय रहते विफल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।जानकारी के अनुसार कपिलो निवासी सुरेंद्र मोदी के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। देर रात घर के आसपास संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीण सतर्क हो गए और मौके पर पहुंचकर चोरी कर रहे एक व्यक्ति को धर दबोचा। इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। पकड़ने के क्रम में आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर रिनटू कुमार को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पकड़े गए आरोपी की पहचान कपिलो निवासी योगेंद्र सिंह, पिता मोहन सिंह, के रूप में हुई है।इधर घायल रिनटू मोदी ने बिरनी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर बिरनी थाना प्रभारी देवानंद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।