मधुबन में भाजपा का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” शुरू, बाबूलाल मरांडी ने किया उद्घाटन।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 16, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के निर्देशानुसार भाजपा गिरिडीह महानगर द्वारा पारसनाथ की तलहटी स्थित मधुबन के कोरिया भवन में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत राय के स्वागत भाषण के साथ हुई। उन्होंने सभी प्रदेश पदाधिकारियों, प्रशिक्षण टोली के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन की रीढ़ माने जाते हैं। इस अवसर पर झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीति, सिद्धांत एवं कार्यशैली को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता विकसित करते हैं। प्रशिक्षण वर्ग में जिला प्रशिक्षण प्रभारी रमेश सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। प्रदेश प्रशिक्षण टोली के सदस्य के.के. गुप्ता, अभय कांत प्रसाद, आरती सिंह, गणेश मिश्रा एवं शशांक राज ने अलग-अलग विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान पार्टी का इतिहास एवं विकास, भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान, संगठनात्मक संरचना, कार्य पद्धति, विचार परिवार, सामाजिक दायित्व एवं कार्यकर्ता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।प्रशिक्षकों ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है।
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी प्रशिक्षण सत्र को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा मिलती है। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण महाअभियान का समापन 17 मई को होगा। समापन सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह विशेष रूप से शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार,दिलीप वर्मा, शालिनी वैश्खियार यदुनंदन पाठक, महादेव दुबे, मुनिया देवी, दिनेश यादव, विनय सिंह, प्रदीप साहू, चुन्नू कांत, संदीप डांगाईच, मनोज सिंह, नवीन सिन्हा, मुकेश जालान, सुरेश मंडल, संगीता सेठ, अरुण हाज़रा, देवराज, संजीव कुमार, प्रकाश यादव, मनोज पांडेय सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे ।