Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में झामुमो महिला मोर्चा ने मनाया मजदूर दिवस, लेबर कोड वापस लेने की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झामुमो जिला कार्यालय, गिरिडीह में महिला मोर्चा के बैनर तले कार्यक्रम आयोजित कर मजदूर दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकार, संघर्ष और उनके योगदान को याद करते हुए उनके हितों की रक्षा पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर प्रमिला मेहरा ने की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मजदूरों पर थोपे गए चार नए लेबर कोड काला कानून हैं, जिन्हें तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला मजदूरों को कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल और समान काम के लिए समान वेतन सुनिश्चित किया जाए। जिला संगठन सचिव दिलीप मंडल ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण मजदूर वर्ग असुरक्षा के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका असर देश के मजदूरों और आम जनता पर पड़ रहा है, जिससे ईंधन और खाद्य संकट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

वहीं, झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कौलेश्वर सोरेन ने 1 मई 1886 को अमेरिका के शिकागो में हुए ऐतिहासिक मजदूर आंदोलन को याद करते हुए कहा कि इसी संघर्ष के परिणामस्वरूप आठ घंटे काम, आठ घंटे आराम और आठ घंटे मनोरंजन का सिद्धांत लागू हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने गिरिडीह के औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों के शोषण, सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रदूषण की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्रियों में मजदूरों से लंबे समय तक काम कराया जा रहा है और प्रशासन इस पर सख्ती नहीं बरत रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्रीति भास्कर ने किया। मौके पर मधु वर्मा, मृदुला शर्मा, रेखा देवी, रूपा देवी, ललिता देवी, रूखसार, नेहा सिंह, तन्वी कोमल, गीता, कविता, गुड़िया सहित कई लोग मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.