शांतिपूर्ण माहौल में मनाई जा रही बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई नमाज़।
SHIKHAR DARPANThursday, May 28, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को जिलेभर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां नमाज़ अदा कर लोगों ने मुल्क में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पर्व को लेकर मुस्लिम बहुल गांवों और शहरी इलाकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिले के बरवाडीह, कोलडीहा, भंडारीडीह, पचंबा, मोहनपुर, विशनपुर, मुस्लिम बाजार, चैताडीह, बक्सीडीह, खरियोडीह, बनखंजो, तेलोडीह और योगीटांड़ समेत कई क्षेत्रों में नमाज़ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लोगों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। बकरीद को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। किसी भी आपात स्थिति और अफवाहों से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा गया है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पूरे जिले में बकरीद का पर्व उत्साह, उल्लास और भाईचारे के वातावरण में मनाया जा रहा है।