विद्युत आपूर्ति बहाल करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
SHIKHAR DARPANSaturday, May 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले में लगातार पड़ रही भारी गर्मी एवं तेज हवा के कारण कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। साथ ही पचम्बा रोड चौड़ीकरण कार्य के दौरान करहरबारी पावर ग्रीड/बस स्टैंड पावर सब स्टेशन की कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो जाने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने पावर ग्रिड एवं प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बिजली व्यवस्था बहाल करने के कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने करहरबारी पावर ग्रीड, बस स्टैंड पावर सब स्टेशन तथा डांडीडीह पावर ग्रीड स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति में आ रही तकनीकी दिक्कतों एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, तेज हवा एवं रोड चौड़ीकरण कार्य के कारण 33 केवीए लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई जगहों पर विद्युत पोल एवं ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से पूछा कि आखिर किन कारणों से विद्युत बाधित हुई और आमजनों को कब तक सुचारु रूप से बिजली उपलब्ध हो सकेगी। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि तकनीकी टीम लगातार मैदान में कार्य कर रही है तथा क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग द्वारा अतिरिक्त संसाधन एवं तकनीकी कर्मियों लगाकर कार्य कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य हो सके।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बहाल करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का भी भ्रमण किया तथा मरम्मत कार्य में जुटे कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। शहर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने हेतु 45 मैनपावर को लगाया गया है, जो लगातार फील्ड में कार्य कर क्षतिग्रस्त लाइनों एवं विद्युत ढांचे की मरम्मत में जुटे हुए हैं। प्रशासन एवं विद्युत विभाग की टीम संयुक्त रूप से स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। इस दौरान अधीक्षण अभियंता, गिरिडीह श्री शकील आलम, कार्यपालक अभियंता, गिरिडीह (दक्षिण) मृणाल गौतम एवं सहायक अभियंता, गिरिडीह (टाउन) सुरजीत उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।