बुलडोजर कार्रवाई के बाद बवाल: गारयडीह में हिंसा, पथराव और आगजनी में कई घायल।
SHIKHAR DARPANTuesday, May 05, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के गारयडीह गांव में सोमवार को प्रशासन की एक कार्रवाई ने पूरे इलाके को हिंसा की आग में झोंक दिया। पुलिया पर बने कथित अवैध मकान को हटाने पहुंची टीम के जाते ही हालात इस कदर बिगड़े कि गांव रणभूमि में तब्दील हो गया। पथराव, आगजनी और अफरा-तफरी के बीच कई लोग घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिडीह उपायुक्त के निर्देश पर अंचल अधिकारी (सीओ) संदीप कुमार मद्धेशिया ने पुलिया पर बने अवैध मकान को जेसीबी से ध्वस्त कराया। प्रशासन का कहना है कि लक्ष्मण वर्मा और विष्णु महतो द्वारा पुलिया पर अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था, जिसे हटाना आवश्यक था।मकान तोड़े जाने के दौरान ही ग्रामीणों ने विरोध जताना शुरू कर दिया था, लेकिन प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई जारी रखी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदनशील स्थिति के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई, जिससे बाद में हालात बेकाबू हो गए।बताया जाता है कि जैसे ही बुलडोजर की कार्रवाई खत्म हुई और पुलिस बल मौके से हटा, गांव में तनाव भड़क उठा। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़े कि उपद्रवियों ने दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।इस हिंसक झड़प में सुभाष वर्मा, सुमन कुमारी, सहदेव वर्मा और दिनेश महतो समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल बिरनी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि यदि कार्रवाई के बाद भी पुलिस बल की तैनाती जारी रहती, तो हालात इतने नहीं बिगड़ते।
उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया।सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम, थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।सीओ संदीप कुमार मद्धेशिया का कहना है कि स्थिति बिगड़ते ही तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया और अब माहौल पूरी तरह शांत है। वहीं एसडीपीओ धनंजय राम ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।