Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दोबारा निर्माण पर नगर निगम की कार्रवाई।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने वाले दुकानदारों पर गुरुवार को नगर निगम ने फिर कार्रवाई की। निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के तहत पहले 30 से अधिक दुकानों को हटाया गया था। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा दोबारा निर्माण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर निगम प्रशासन ने अभियान चलाकर निर्माण कार्य रुकवाया और अवैध ढांचे हटाए।

कार्रवाई के दौरान कई अस्थायी निर्माण तोड़े गए, वहीं एक दुकान में लगाया गया पिलर भी ध्वस्त कर दिया गया।

नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित दुकानदारों ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लगातार दुकानें हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि शहर के अन्य इलाकों, खासकर पचम्बा क्षेत्र में भी अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई केवल चुनिंदा दुकानदारों पर की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सभी क्षेत्रों में समान रूप से कार्रवाई करने और प्रभावित लोगों के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। उप सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा ने बताया कि पहले हटाई गई दुकानों के स्थान पर फिर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। नगर आयुक्त के निर्देश पर इसे हटाने की कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.