महंगाई और गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि के खिलाफ झामुमो का धरना, केंद्र सरकार पर साधा निशाना।
SHIKHAR DARPANThursday, May 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा शहर के टावर चौक पर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिला समर्थक एवं आम लोग शामिल हुए। धरना के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी होती रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
नेताओं ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी गृहिणियों को झेलनी पड़ रही है, क्योंकि घर का बजट संभालना दिन प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महंगाई कम करने का वादा किया गया था, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत है। गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों के सामने रसोई चलाना भी चुनौती बन गया है। झामुमो नेताओं ने कहा कि सरकार को तुरंत गैस सिलेंडर एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी करनी चाहिए। धरना के दौरान नेताओं ने यह भी कहा कि यदि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया और आम जनता की आवाज बुलंद करने का दावा किया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा, महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, अजीत कुमार पप्पू, प्रणव वर्मा, रॉकी सिंह, दिलीप रजक, अनवर अंसारी, नौशाद अहमद चांद, नागेश्वर दास, अभय कुमार, राकेश रंजन, मुकेश कुमार, सन्नी रैन, बबली मरांडी, प्रमिला देवी, प्रीति भास्कर सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।