Type Here to Get Search Results !

32 दुकानों एवं ठेला-खोमचा की जांच, 7 पर हुई कार्रवाई, एक सप्ताह में फूड लाइसेंस बनाने का निर्देश, यह जांच अभियान 23 मई तक जारी रहेगी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच की गई तथा सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाकर गुपचुप, पानीपुरी, चाट, छोला एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों का निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल 32 दुकानों एवं ठेला-खोमचा संचालकों की जांच की गई, जिसमें 7 दुकानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के निर्माण एवं बिक्री की प्रक्रिया सहित कई बिंदुओं पर गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कई स्थानों पर खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई पाई गई, वहीं कुछ दुकानदारों के पास आवश्यक खाद्य लाइसेंस एवं स्वच्छता संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, डॉ राजा कुमार ने सभी दुकानदारों एवं ठेला-खोमचा संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अनिवार्य रूप से फूड लाइसेंस प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी संबंधित दुकानदार एक सप्ताह के अंदर अपना फूड लाइसेंस बनवाना सुनिश्चित करें, अन्यथा आगे चलकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने तथा खाद्य सामग्री को ढंककर रखने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान आम नागरिकों को भी जागरूक किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल स्वच्छ एवं प्रमाणित स्थानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अस्वच्छता की शिकायत तुरंत संबंधित विभाग को दें। विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि गर्मी के मौसम में खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।

इस विशेष जांच अभियान में राज्य स्तरीय से आई टीम ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। राज्य स्तरीय टीम द्वारा विभिन्न दुकानों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया गया तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जांच लगातार जारी रहेगी। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से नियमों का पालन करने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। जांच टीम में प्रयोगशाला के तीन फूड एनालिस्ट शुभम, उदय और रोहित और फूड सेफ्टी ऑफिस गिरिडीह के मो वसीम, मनीष, राहुल, शुभम, अभिषेक और अमित भी सम्मिलित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.