Type Here to Get Search Results !

एस आई आर-2026 के अंतर्गत जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा व्यापक पुनरीक्षण अभियान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में Unmapped मतदाताओं के सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतों, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह श्रीकांत यशवंत विस्पुते समेत सभी संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा क्षेत्रवार Unmapped मतदाता सूची के प्रकाशन, सत्यापन एवं विशेष पुनरीक्षण कार्यों का गहन अवलोकन किया गया। इस दौरान मतदान केंद्रवार मतदाताओं की जानकारी का मिलान करते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा सभी मतदाताओं का सही मतदान केंद्र एवं क्षेत्र से समुचित मैपिंग हो सके।

विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं संबंधित निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न करें। साथ ही, ऐसे मतदाताओं की पहचान पर विशेष बल दिया जा रहा है जिनकी प्रविष्टियां तकनीकी अथवा अन्य कारणों से अब तक मैप नहीं हो सकी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन कार्य समयबद्ध, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाया जा सके। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि, नाम संशोधन, स्थानांतरण अथवा नए नाम जोड़ने के संबंध में संबंधित BLO अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर सहयोग करें। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को उसके मताधिकार का पूर्ण अवसर प्राप्त हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.