अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत स्कूल में मॉक ड्रिल, विद्यार्थियों को आग से बचाव के गुर सिखाए गए।
SHIKHAR DARPANMonday, April 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर जिले में जन जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन सिंह के नेतृत्व में मोहनपुर स्थित Honey Holy Trinity School में एक विशेष मॉक ड्रिल एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से आग से बचाव, आग लगने के कारणों एवं उससे निपटने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। अग्निशमन पदाधिकारी श्री रवि रंजन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आग एक अत्यंत खतरनाक आपदा है, लेकिन थोड़ी सी सतर्कता और सही जानकारी के माध्यम से इससे होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि घर, स्कूल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखना और तुरंत सही कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी (Evacuation) की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। उन्हें बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध होकर बाहर निकलना चाहिए तथा भीड़-भाड़ और अफरा-तफरी से कैसे बचना चाहिए। साथ ही, अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) के सही उपयोग का भी प्रदर्शन कर उन्हें इसकी कार्यप्रणाली समझाई गई। कार्यक्रम के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों का भी लाइव डेमो दिया गया, जिससे उपस्थित लोगों को वास्तविक परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने की जानकारी मिल सकी। टीम ने यह भी बताया कि विद्युत शॉर्ट सर्किट, लापरवाही एवं असावधानी आग लगने के प्रमुख कारण होते हैं, जिनसे बचाव के लिए नियमित जांच और सावधानी बेहद जरूरी है। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इससे उनमें आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ मॉक ड्रिल में भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। अग्निशमन विभाग की टीम ने अंत में सभी को यह संदेश दिया कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी सतर्कता है” और हर व्यक्ति को अपने स्तर पर आग से बचाव के उपायों को अपनाना चाहिए।