बगोदर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बुधवार की सुबह गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन (संख्या BR01GE-7074) से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर सरिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसके बाद बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर वाहन चेकिंग लगाया गया। चेकिंग के दौरान अवैध अंग्रेजी शराब से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया। बताया गया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज गति से भागने लगा।
पुलिस द्वारा पीछा करने पर वाहन संतरूपी जंगल के पास जीटी रोड किनारे डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। जब्त किए गए शराब में रॉयल स्टैग व्हिस्की 750 ml – 90 पीस, इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की 750 ml – 30 पीस,किंगफिशर बीयर 500 ml – 103 पीस,ऑफिसर चॉइस व्हिस्की 180 ml – 178 पीस बरामद किया गया।बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और बगोदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में बगोदर थाना प्रभारी रोशन कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान शामिल रहे।