Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या की आशंका से सनसनी।

गिरिडीह,शिखर दर्जण संवाददाता।

जमुआ थाना क्षेत्र के धर्मपुर पंचायत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान धर्मपुर पंचायत के प्रकारों निवासी बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, श्रीकांत कुमार घर से महज 500 मीटर दूर आम बगान के पास संदिग्ध हालत में मिला। प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने बताया कि वे पशु चराने के लिए गई थीं, तभी उन्होंने श्रीकांत को जमीन पर तड़पते देखा। बताया जाता है कि उस दौरान श्रीकांत ने होश में रहते हुए कहा कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन कोई टैबलेट खिला दी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।

महिलाओं द्वारा सूचना दिए जाने पर गांव में हड़कंप मच गया। धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा ने तत्परता दिखाते हुए घायल श्रीकांत को अपनी गाड़ी से जमुआ अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर, स्थानीय लोगों और परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। सभी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.