Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में शहीद दिवस पर भगत सिंह को दी गई श्रद्धांजलि, विचारों को अपनाने का आह्वान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहीद दिवस के अवसर पर भगत सिंह चौक, गिरिडीह में भाकपा माले और असंगठित मजदूर मोर्चा के बैनर तले श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान माल्यार्पण कार्यक्रम के साथ शहीदों के विचारों को पढ़ा गया और उपस्थित लोगों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम की अगुवाई माले के जिला कमिटी सदस्य राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडेय ने की। वहीं असंगठित मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष किशोर राय और माले के प्रखंड सचिव मसूदन कोल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्थल की साफ-सफाई के बाद शहीदों को माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान नारेबाजी भी की गई और सभी प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से श्रद्धांजलि अर्पित की।वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च 1931 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनता के हक की लड़ाई लड़ने के कारण भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी। लगभग एक सदी बीत जाने के बावजूद उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और देशभर में उनके समर्थक मौजूद हैं।

माले नेता कन्हाई पांडेय ने कहा कि युवाओं को भगत सिंह की क्रांतिकारी विचारधारा से जोड़ना जरूरी है, ताकि समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ मजबूत आवाज उठाई जा सके। वहीं राजेश सिन्हा ने कहा कि देश में आज भी “काले अंग्रेज” जैसी परंपराएं हावी हैं और इससे मुक्ति के लिए भगत सिंह के विचारों को आत्मसात करना होगा।राजेश सिन्हा ने भगत सिंह चौक के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए कहा कि चौक पर अतिक्रमण हटाया जाए और मूर्ति स्थल के पास साफ-सफाई के साथ बैठने की व्यवस्था की जाए। साथ ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने की भी मांग की गई।इस मौके पर दामोदर गोप, जयशंकर पांडेय, दीपक कुमार गोस्वामी, मो. अफताब, देवशंकर मिश्रा, संतोष तुरी, लखन कोल्ह, धनेश्वर कोल्ह, डिलचंद कोल्ह, भीम कोल्ह, सनातन साहू, सकलदेव कोल्ह, किसुन कोल्ह और अधिवक्ता धरनीधर सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.