पीरटांड़ थाना क्षेत्र के गिरिडीह–डुमरी मुख्य पथ पर हारलडीह के समीप बुधवार को बाइक और स्कॉर्पियो के बीच हुई टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भारती चलकरी निवासी प्रेमचंद हांसदा के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार प्रेमचंद हांसदा बाइक से डुमरी से पीरटांड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पीरटांड़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीरटांड़ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल शिक्षक का पैर टूट गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।