पीरटांड़ में चेक डेम का शिलान्यास, बाहा पर्व पर मंत्री ने की पूजा-अर्चना।
SHIKHAR DARPANFriday, March 06, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह पंचायत के शहरपुरा गांव में शुक्रवार को नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने चेक डेम निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।शिलान्यास के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। चेक डेम बनने से आसपास के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे खेती को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मंत्री हरलाडीह के जारकाही गांव पहुंचे, जहां आदिवासी समाज के प्रमुख पर्व बाहा पर्व के अवसर पर बूढ़ा-बूढ़ी थान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की खुशहाली, समृद्धि और लोगों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। मंत्री ने कहा कि झारखंड की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं और ऐसे पर्व सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।इस मौके पर पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडू, बीस सूत्री अध्यक्ष महेश मरांडी, बीडीओ मनोज मरांडी, झामुमो नेता राधेश्याम मदक, ताज हसन सहित कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार और खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप के नेतृत्व में पुलिस बल के दर्जनों जवान तैनात रहे और पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी।