महादेव तालाब के पास युवक अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANFriday, March 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर के महादेव तालाब के समीप पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेव तालाब के पास लाल रंग का टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लहरा रहा है। सूचना मिलते ही गश्ती दल के पदाधिकारी प्रमोद कुमार, सशस्त्र बल के हवलदार महेश कुमार यादव तथा नसीरूद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम मो. रमजान अंसारी (22 वर्ष), पिता स्व. मो. इस्लाम अंसारी, निवासी झगरी, थाना मुफस्सिल, जिला गिरिडीह बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कमर के बाईं ओर खोंसा हुआ एक देशी पिस्टल बरामद हुआ, जिसमें 315 बोर का एक जिंदा कारतूस लोड था।इसके बाद पुलिस ने विधिवत जप्ती सूची बनाते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 57/26 दिनांक 12.03.2026 के तहत धारा 25(1-b) ए / 26 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।