बिहार से बंगाल जा रहा गोवंश लदा कंटेनर बगोदर पुलिस ने किया जब्त।
SHIKHAR DARPANMonday, March 16, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश से लदे एक कंटेनर को जब्त किया। यह कंटेनर बिहार से पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गोवंश को भरकर धनबाद के रास्ते बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बगोदर थाना पुलिस ने हरिहरधाम ओवरब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहन की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान कंटेनर के अंदर करीब 40 गोवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया गया। कई गोवंश के शरीर पर जख्म के निशान भी मिले। पुलिस ने चालक से पूछताछ की, लेकिन उसके पास गोवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं जब्त किए गए सभी गोवंश को सुरक्षित रूप से मधुबन गोशाला भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गोतस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।