Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में ईद-उल-फितर व रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड में आगामी ईद-उल-फितर एवं रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सविता टुडू ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ) ह्रषिकेश मरांडी, उपप्रमुख महेंद्र महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी, विभिन्न थाना प्रभारी सहित कई विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे  । सभी ने मिलकर त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि ईद-उल-फितर और रामनवमी दोनों ही धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए। बैठक में विशेष रूप से संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त बढ़ाने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया।

बीडीओ मनोज मरांडी ने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेशों को साझा करने से बचें।अंचलाधिकारी ह्रषिकेश मरांडी ने भी कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, बिजली, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक स्वर में लोगों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.