Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में मरा हुआ हिरण मिलने से हड़कंप, जांच में जुटा वन विभाग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत ठाकुरबाड़ी टोला स्थित डागा कोठी के समीप शुक्रवार सुबह एक हिरण मृत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 5:30 बजे टहलने निकले ग्रामीणों की नजर डागा कोठी के पीछे पड़े हिरण पर पड़ी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों के अनुसार, पास के कावड़िया टोला जंगल क्षेत्र से किसी शिकारी जानवर ने हिरण पर हमला किया होगा। जान बचाने के प्रयास में हिरण गांव की ओर भागा, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। मृत हिरण की लंबाई करीब 55 इंच, ऊंचाई 35 इंच और मोटाई 31 इंच बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेस्टर अंशु पांडेय ने बताया कि हिरण के शरीर पर दो-तीन जख्म के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया जंगली कुत्तों के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।इस दौरान मौके पर वार्ड-4 प्रतिनिधि अजित मंडल, वेटनरी कंपाउंडर आनंद पांडेय, देवाशीष बादल, विकास मंडल, पंकज मंडल, मंटू पांडेय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.