Type Here to Get Search Results !

रामनवमी को लेकर गिरिडीह में तैयारी तेज, मंत्री सुदिव्य कुमार ने अखाड़ा समितियों संग की बैठक।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

रामनवमी पर्व को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने रविवार को गिरिडीह परिसदन में अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी सहित शहर और आसपास के विभिन्न अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने सभी अखाड़ा समितियों से अपील करते हुए कहा कि रामनवमी का त्योहार पूरे जिले में शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट के अनुसार ही जुलूस और झांकी निकालें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।

मंत्री ने कहा कि रामनवमी केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी पर्व है। ऐसे में सभी लोगों को मिलजुलकर इस त्योहार को मनाना चाहिए और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पर्व को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी अखाड़ा समितियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में मौजूद विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.