सड़क चौड़ीकरण में अधिग्रहित जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग।
SHIKHAR DARPANThursday, March 12, 2026
0
पाकुड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ के उपायुक्त को पत्र लिखकर सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडालमारा गांव निवासी गणेश मंडल की जमीन सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा स्थायी रूप से अधिग्रहित की गई थी। लेकिन अब तक उन्हें समुचित मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुआवजा नहीं मिलने के कारण गणेश मंडल की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है और उन्हें जीविकोपार्जन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस मामले में बाबूलाल मरांडी ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए अधिग्रहित जमीन के समुचित मुआवजे का भुगतान कराने के लिए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए।