Type Here to Get Search Results !

बगोदर में हाथी का आतंक: झुंड से भटके जंगली हाथी ने बुजुर्ग को कुचला, हालत गंभीर।

बगोदर,शिखर दर्पण संवाददाता।

क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शनिवार को बगोदर प्रखंड के मुंडरो पंचायत अंतर्गत गम्हरिया गांव में झुंड से भटके एक जंगली हाथी ने 75 वर्षीय रोशन मंडल पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि रोशन मंडल गांव के पास ही किसी काम से निकले थे, तभी अचानक झुंड से भटका जंगली हाथी वहां पहुंच गया और उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग को भी जानकारी दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हो जाते हैं। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.