पीरटांड़ में अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त,मचा हड़कंप।
SHIKHAR DARPANTuesday, March 17, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। पीरटांड़ अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी ने वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर पीरटांड़ थाना के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर स्थित पालगंज मोड़ के पास निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान बराकर नदी की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में दिखा, जिसे रोककर जांच की गई। जांच में ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लदा पाया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वही अंचल अधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर पीरटांड़ थाना को सौंप दिया। इस संबंध में सीओ ने बताया कि आवेदन दिया जा रहा है जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाए गी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बराकर नदी से लगातार अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। प्रशासन को इसकी सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन में लगे लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई का अवैध बालू कारोबारी पर कितना असर पड़ता है और आगे इस तरह की गतिविधियों पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।