Type Here to Get Search Results !

ब्रेक फेल होने से स्कूली बच्चों से भरी वैन गड्ढे में गिरी, सभी बच्चे सुरक्षित।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरी एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि इस हादसे में सभी बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना पलमरुआ–नईयाडीह मोड़ के पास हुई, जहां ब्रेक फेल होने के कारण आर्या पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी सवारी गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं घटना के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार तिसरी स्थित आर्या पब्लिक स्कूल की सवारी गाड़ी पलमरुआ गांव से बच्चों को लाने गई थी। बच्चों को लेकर वापस लौटते समय नईयाडीह मोड़ के पास अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे बने गार्डवाल को पार करते हुए गड्ढे में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलने के बाद तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।जांच में सामने आया कि जिस वाहन का इस्तेमाल स्कूल वैन के रूप में किया जा रहा था, उसमें सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। बताया जाता है कि यह वाहन लगभग 21 साल पुराना है। ऑनलाइन जांच में पता चला कि गाड़ी का फिटनेस करीब 11 साल पहले, टैक्स लगभग 10 साल पहले और इंश्योरेंस भी करीब 11 साल पहले ही समाप्त हो चुका है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी तिसरी के ही एक निजी विद्यालय का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें कई बच्चों को चोटें आई थीं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है।घटना को लेकर लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ बिल्कुल भी उचित नहीं है। साथ ही अभिभावकों से भी अपने बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर जागरूक रहने की अपील की गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.