गिरिडीह में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान, अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह।
SHIKHAR DARPANThursday, March 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए गुरुवार को पूरे राज्य में मतदान कराया जा रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह जिला बार एसोसिएशन एवं न्याय सदन परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर जिले के करीब 945 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।सुबह से ही मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 400 से अधिक अधिवक्ता अपना वोट डाल चुके थे। शाम 5 बजे तक मतदान जारी रहने के कारण इस संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
इस चुनाव में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें गिरिडीह के चार उम्मीदवार भी शामिल हैं। वहीं गिरिडीह नगर निगम की महापौर सह अधिवक्ता प्रमिला मेहरा ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई और अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।प्रेक्षकों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।अधिवक्ताओं ने कहा कि यह चुनाव बार काउंसिल को मजबूत बनाने और अधिवक्ताओं की आवाज को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।