ब्रेक फेल कंटेनर ने मचाई तबाही, कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रक से भिड़ा — बगोदर-बरही रोड पर 10 किमी लंबा जाम।
SHIKHAR DARPANMonday, March 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बैको मोड़ पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क पर चल रही कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए एक खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर डुमरी रोड की ओर से तेज गति में आ रहा था और उसका ब्रेक पहले ही फेल हो चुका था। चालक द्वारा वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश नाकाम रही, जिसके बाद कंटेनर ने एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। अंततः बैको मोड़ पर खड़े एक ट्रक से टकराने के बाद कंटेनर रुका।
हादसे में कंटेनर चालक केबिन में ही फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना के बाद बगोदर-बरही-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और नेशनल हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने के प्रयास में जुट गई। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन मेंटेनेंस की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की सख्त जांच और निगरानी की मांग की है।