Type Here to Get Search Results !

रामनवमी को लेकर गिरिडीह में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, DIG ने दिए सख्त निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा सोमवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय के सभागार में जिले के एसपी, सभी एसडीपीओ एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में रामनवमी जुलूस के मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों से जानकारी ली कि कहीं अतिरिक्त संसाधनों या बल की आवश्यकता तो नहीं है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर बनाए रखी जाए।

इसके अलावा, पूर्व में असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। डीआईजी अंजनी कुमार झा ने बताया कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर रामनवमी का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोग निश्चिंत होकर त्योहार का आनंद ले सकें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.