तिसरी में अवैध पेड़ कटाई का मामला गरमाया, ग्रामीणों के विरोध पर लकड़ी माफिया फरार।
SHIKHAR DARPANTuesday, February 24, 2026
0
गिरिडीह/तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला लगातार सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लकड़ी माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय होकर बहुमूल्य पेड़ों की कटाई कर रहे हैं, जबकि संबंधित विभाग इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित Bank of India के पीछे शीषम और गम्हार के कई पेड़ों को काटकर एक स्थान पर इकट्ठा किया गया था। बताया जा रहा है कि देर रात इन लकड़ियों को बाहर भेजने की तैयारी थी। इसी बीच किसी तरह ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। ग्रामीणों की सक्रियता देख लकड़ी माफिया लकड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए।ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।