Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में नगर निकाय चुनाव के दौरान महापौर प्रत्याशी फूल देवी के समर्थकों व महापौर प्रत्याशी अर्जुन बैठा के समर्थकों के बीच हुई मारपीट, तीन लोग घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर का माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार शाम मानसरोवर गली के पास दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है।मिली जानकारी के अनुसार, महापौर प्रत्याशी फूल देवी के पुत्र राज दास अपने एक मित्र के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी दूसरे पक्ष के समर्थकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में राज दास, उनके एक मित्र तथा मनीष वर्मा के साथ हाथापाई होने की बात कही जा रही है।

आरोप है कि महापौर प्रत्याशी अर्जुन बैठा के समर्थकों ने राज दास और उनके साथियों के साथ मारपीट की। हालांकि दूसरे पक्ष की ओर से भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है।घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।नगर निकाय चुनाव के बीच हुई इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.