गिरिडीह नगर निगम चुनाव: भाजपा ने बागी रुख पर कामेश्वर पासवान को थमाया कारण बताओ नोटिस।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बागी उम्मीदवारों पर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के आरोप में भाजपा ने कामेश्वर पासवान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यालय, रांची से जारी पत्र के अनुसार प्रदेश महामंत्री, सांसद सह मुख्यालय प्रभारी डॉ. प्रदीप वर्मा के हस्ताक्षर से नोटिस जारी किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि संबंधित नेता पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह नगर निगम चुनाव में कामेश्वर पासवान के चुनाव मैदान में उतरने को पार्टी ने अनुशासनहीनता माना है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें उनके जवाब तथा पार्टी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।