पीरटांड में बहा पर्व की तैयारियां तेज, प्रशासन ने लिया जायजा ।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 11, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
आगामी बहा पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। बुधवार को एसडीपीओ सुमीत प्रसाद, बीडीओ मनोज मरांडी तथा सीओ ह्रषिकेश मरांडी ने दिशोम मांझीथान पहुंचकर पर्व की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मरांग बुरु जुग जाहेर बोंगा बुरु समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष बहा पर्व का आयोजन 18 से 20 फरवरी तक किया जाएगा। पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान आयोजन स्थल की समुचित व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।एसडीपीओ सुमीत प्रसाद ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाएगा और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं बीडीओ मनोज मरांडी ने स्वच्छता, पेयजल एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। सीओ ह्रषिकेश मरांडी ने भी प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहा पर्व क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी लोग मिलकर प्रयास कर रहे हैं।