Type Here to Get Search Results !

समाहरणालय में व्हीलचेयर तक नहीं, दिव्यांग महिला को पति के कंधे का लेना पड़ा सहारा/राशन कार्ड की समस्या लेकर पहुंची डुमरी की श्याम कुमारी देवी, जिला मुख्यालय की व्यवस्था पर उठे सवाल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिला समाहरणालय में दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी का मामला सामने आया है। डुमरी प्रखंड की दिव्यांग महिला श्याम कुमारी देवी राशन कार्ड से जुड़ी समस्या लेकर समाहरणालय पहुंचीं, लेकिन वहां व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें पति के कंधे का सहारा लेकर कार्यालय तक जाना पड़ा। बताया गया कि राशन कार्ड की समस्या को लेकर एमओ द्वारा उन्हें गिरिडीह बुलाया गया था। सुबह की ठंड में श्याम कुमारी देवी अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से समाहरणालय पहुंचीं। चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद उन्हें खाद्य आपूर्ति विभाग तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी।

समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक संवेदनशीलता और दिव्यांगजनों की सुविधाओं पर सवाल खड़ा करता है। प्रतिदिन जिलेभर से सैकड़ों लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां पहुंचते हैं, ऐसे में दिव्यांगों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। महिला के पति ने बताया कि यदि समाहरणालय में व्हीलचेयर उपलब्ध होती, तो उनकी पत्नी को इस तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। अब सवाल उठता है कि जिला मुख्यालय में ही दिव्यांगों के लिए बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो अन्य सरकारी कार्यालयों में उनकी सहूलियत का क्या हाल होगा? प्रशासन से मांग है कि समाहरणालय सहित सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों में व्हीलचेयर और दिव्यांगजनों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.