Type Here to Get Search Results !

कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत प्रखंड परिसर, जमुआ में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। भारत सरकार द्वारा संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने युवाओं से इस प्रकार के आयोजनों का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसरों को अपनाने की अपील की।रोजगार मेले में जमुआ, देवरी एवं गावां प्रखंड के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 14 कंपनियों ने सहभागिता की। कंपनियों द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां अभ्यर्थियों का पंजीकरण, करियर मार्गदर्शन, साक्षात्कार एवं चयन की प्रक्रिया संपन्न की गई। रोजगार मेले के दौरान 885 से अधिक युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया, जबकि विभिन्न कंपनियों द्वारा 292 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों के बीच उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों से नियुक्ति पत्र का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, गिरिडीह जेवियर एक्का ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन JSLPS के फील्ड थीमैटिक कोऑर्डिनेटर जयप्रकाश वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जमुआ के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा किया गया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रमोद झा, सुनील, रोबिनसन किस्कू, एडमिन विजीत भदानी, प्रेमसागर, फील्ड थीमैटिक कोऑर्डिनेटर पंचू दास, सुरेश यादव, रंजीत (BPO), हुसैन, धर्मेंद्र, लेखापाल उमा, सामुदायिक समन्वयक बसंत वर्मा, पंकज वर्मा सहित JSLPS के सभी कर्मियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.