Type Here to Get Search Results !

शिकायत के बाद नावाडीह-पालगंज सड़क निर्माण शुरू, सीमा तक काम पूरा होने पर संशय//पुलिया निर्माण का कार्य शुरू, वन भूमि का हवाला देकर सड़क अधूरी छोड़ने की आशंका।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत में नावाडीह से पालगंज सीमा तक सड़क निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो से ग्रामीणों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ है। फिलहाल सड़क पर पुलिया निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, पालगंज सीमा तक सड़क का निर्माण पूरा होगा या नहीं, इसको लेकर अब भी संशय बना हुआ है। गौरतलब है कि 2024 विधानसभा चुनाव से पहले इस सड़क का शिलान्यास किया गया था, लेकिन महज एक दिन मिट्टी कटाई के बाद निर्माण कार्य बंद हो गया था।

इसके बाद ग्रामीणों ने 11 अक्टूबर को जमुआ में आयोजित आजसू प्रमुख सुदेश महतो के कार्यक्रम में सांसद की मौजूदगी में सड़क निर्माण का मामला उठाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक वन भूमि का हवाला देकर पालगंज सीमा तक सड़क निर्माण कराने से कतरा रहा है। गांव के सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। ऐसे में यदि सड़क का निर्माण बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया तो ग्रामीणों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्धारित योजना के अनुसार नावाडीह से पालगंज सीमा तक सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क का पूरा निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.