गिरिडीह में भाजपा की विशाल पदयात्रा, लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारे से गूंजा शहर//आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी और अमर बाउरी समेत कई दिग्गज नेता हुए शामिल, SIR के मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना
SHIKHAR DARPANTuesday, November 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
चुनावी सरगर्मी के बीच मंगलवार को गिरिडीह में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। भाजपा के आह्वान पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत झंडा मैदान से विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा झंडा मैदान से शुरू होकर कचहरी चौक, कालीबाड़ी और बड़ा चौक होते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक शामिल हुए।पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। इसमें झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, विधायक नागेंद्र महतो और डॉ. मंजू कुमारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी का झंडा एवं बैनर लेकर नारेबाजी की।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को भी कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने भी SIR के मुद्दे पर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए और जनता Phle गुमराह करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, पूर्व महापौर सुनील पासवान, पूर्व उपमहापौर प्रकाश सेठ, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह, सुरेश साव, विभाकर पांडेय, प्रो. विनीता कुमारी, शालिनी बैसखियार, संगीता सेठ,शरत भक्त,श्याम प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।गिरिडीह में आयोजित इस पदयात्रा को भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया। वहीं SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।