मतदाता सूची में नाम जोड़ने का एक और मौका, 18 नवंबर को गिरिडीह के सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप।
SHIKHAR DARPANSaturday, November 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) एवं निर्वाचन कार्यों की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान SIR कार्यों की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सुनवाई से संबंधित सभी लंबित मामलों का अगले दो दिनों में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने No Mapping, Logical Discrepancies और दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों की गंभीरतापूर्वक जांच कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक 'एक और अवसर कैंप' आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से ऐसे पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा, जिनका अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा गया है। इस दिन BLO-BLA-2 की छठी बैठक और निर्वाचन पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित होगी। उपायुक्त ने ASDD सूची का मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों एवं संबंधित कार्यालयों में पुनर्प्रकाशन कराने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिक और राजनीतिक दल सूची का अवलोकन कर सकें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्वाचन कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।