जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध, उपायुक्त ने जनता की समस्याओं के समाधान हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित।
SHIKHAR DARPANFriday, October 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने तथा उनके शिकायतों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सभी फरियादियों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। जनता दरबार में लोगों ने खाद्य आपूर्ति , कल्याण,जमीन विवाद,शिक्षा,पेंशन , स्वास्थ, विद्युत आपूर्ति, व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े विभिन्न मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने प्रत्येक सभी की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित मामलों के जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुकूल एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का अवलोकन करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जन समाधान पोर्टल पर कोई भी मामला अधिक दिनों तक लंबित न हो इस हेतु सभी विभागों को सख्त निर्देश दिया साथ ही लंबित मामलों का एक सप्ताह को अंदर निष्पादित करने का निर्देश दिया । उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं एवं सेवाओं का उचित लाभ मिल सके। प्रशासन का प्रयास है कि जनसमस्याओं की सुनवाई केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके तार्किक एवं नियमानुकूल समाधान तक प्रभावी अनुश्रवण भी सुनिश्चित हो। उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्धारित माध्यमों से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि संबंधित मामलों की जांच एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।