Type Here to Get Search Results !

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और बुजुर्ग पर हमले का मामला डीसी-एसपी तक पहुंचा, कार्रवाई की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और बुजुर्ग पर हमले के मामलों को लेकर भाजपा नेता सुरेश साव ने शुक्रवार को उपायुक्त से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-03 स्थित पचंबा के अन्दुडीह मौजा में करीब 1.65 एकड़ सरकारी गैरमजरूआ खास जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि इस जमीन पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उपमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यकाल में चिल्ड्रेन पार्क का शिलान्यास किया गया था। आरोप है कि कुछ लोग कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की घेराबंदी करने का प्रयास कर रहे हैं।

सुरेश साव ने जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।वहीं, गांधी चौक स्थित पुश्तैनी मकान में 75 वर्षीय मनजीत सिंह बग्गा पर आधी रात को हुए कथित जानलेवा हमले का मामला भी उठाया गया। भाजपा नेता ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मिलकर हमले के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने कहा कि गिरिडीह में जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। अब इन दोनों मामलों में प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.