लगातार बारिश के बीच कल्पना सोरेन ने किया अरगाघाट और शास्त्री नगर छठ घाट का निरीक्षण/छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश।
SHIKHAR DARPANThursday, October 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आगामी छठ महापर्व को लेकर गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने लगातार हो रही बारिश के बीच गिरिडीह के अरगाघाट और शास्त्री नगर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और घाटों पर मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी और दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी एवं झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा भी मौजूद रहीं। सभी ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। पर्व के दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षित आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें। उन्होंने छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता और जनसहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए नागरिकों से घाटों की सफाई एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।