Type Here to Get Search Results !

मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन की तैयारी पूरी, 4-5 नवंबर को जुटेंगे देश-विदेश के 3000 प्रतिनिधि।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

आगामी 4 एवं 5 नवंबर को मधुबन में आयोजित होने वाले मारांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन को लेकर शुक्रवार को परिसदन मधुबन में अंतिम तैयारी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष फागु बेसरा ने की। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में की गई तैयारियों की जानकारी दी। तैयारियों पर केंद्रीय आयोजन समिति ने संतोष जताया।महासम्मेलन के पहले दिन मारांग बुरु माझी थान में पारंपरिक पूजा पद्धति से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें झारखंड के अलावा असम, ओडिशा, बंगाल, बिहार, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा सहित नेपाल, बांग्लादेश एवं भूटान से लगभग 3000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।महासम्मेलन में समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था, रीति-रिवाज, पूजा पद्धति, भाषा, धर्म, संस्कृति, जल-जंगल-जमीन तथा धोरोमगाढ़ जैसी धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर गंभीर चर्चा होगी।

साथ ही कई सामाजिक एवं धार्मिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है।दूसरे दिन 5 नवंबर को मधुबन फुटबॉल मैदान में दोपहर एक बजे से ओपन सेशन आयोजित होगा। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।बैठक में मारांग बुरु नायके बाबा चांदोलाल टुडू, महासचिव हिरालाल माझी, कोषाध्यक्ष सोमय टुडू, प्रवक्ता दुर्गा चरण मुर्मू, माझी बाबा बिंदे सोरेन, टीएसी सदस्य जोसाई मार्डी, महाबीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सनातन सोरेन, अशोक मुर्मू, एतो बास्के, सुधीर बास्के, जगजीवन माझी, डॉ. हेंब्रम, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, दशरथ किस्कू, प्रेमचंद मुर्मू, सनातन चोंणे, राजेश किस्कू एवं बाबूराम सोरेन सहित काफी संख्या में समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.