Type Here to Get Search Results !

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से की मुलाकात, विभिन्न मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जिले में हाल के दिनों में सामने आए विभिन्न मामलों को लेकर चर्चा की और निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पचम्बा थाना क्षेत्र में श्रेयांश सिन्हा एवं संजीव कुमार के साथ पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज की घटना को गंभीरता से उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं, नाबालिग बच्ची से कथित छेड़छाड़ के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग भी एसपी के समक्ष रखी गई। इसके अलावा एबीवीपी कार्यकर्ता मंटू मुर्मू के साथ जेएमएम से जुड़े लोगों द्वारा कथित मारपीट और उसके बाद दर्ज मुकदमे के मामले में भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई। 

भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का दायित्व है कि पीड़ित को न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव के आधार पर किसी निर्दोष को परेशान करना भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दूबे, जिलामंत्री सुरेश मंडल, संजीव कुमार, श्रेयांश सिन्हा सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.