Type Here to Get Search Results !

सदर अस्पताल में रक्त उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, अभाविप ने जांच की मांग की।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गिरिडीह के संज्ञान में सदर अस्पताल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। परिषद ने अस्पताल प्रशासन से मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्राप्त शिकायत के अनुसार, 12 तारीख को एक व्यक्ति अपने परिजन के लिए रक्त देने अथवा रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल परिसर पहुंचा था। आरोप है कि अस्पताल के संबंधित कर्मचारियों द्वारा रक्त उपलब्ध कराने के एवज में उससे पैसे की मांग की गई। इसके बाद कथित रूप से किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर उपलब्ध रक्त मरीज को चढ़ाया गया।परिजनों का आरोप है कि मरीज को रक्त चढ़ाने के दौरान लगभग आधा रक्त चढ़ने के बाद उसमें जमाव होने लगा। इसके बाद मरीज की स्थिति गंभीर हो गई। घटना के बाद अस्पताल की रक्त प्रबंधन व्यवस्था, रक्त की जांच, क्रॉस-मैचिंग तथा मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। 

अभाविप के प्रदेश एसएफएस सह संयोजक अनीश रॉय ने कहा कि रक्त जैसी जीवनरक्षक सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर मरीज या उसके परिजन से पैसे मांगने का आरोप बेहद गंभीर है। यदि शिकायत जांच में सही पाई जाती है तो संबंधित दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मरीज को किस रक्त समूह का रक्त उपलब्ध कराया गया, रक्त की जांच और क्रॉस-मैचिंग की प्रक्रिया किस प्रकार हुई तथा रक्त चढ़ाने के दौरान रक्त में जमाव होने और मरीज की स्थिति बिगड़ने के वास्तविक कारण क्या थे। अभाविप ने कहा कि मरीजों की जिंदगी के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा रक्त उपलब्ध कराने के नाम पर आर्थिक शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद ने अस्पताल प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो अभाविप लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.